Saturday, March 20, 2010

नैनीताल के राजभवन में स्थित गोल्फ कोर्स का इतिहास

पिछली एक पोस्ट में मैंने नैनीताल के राजभवन के बारे में बताया था। इस पोस्ट में मैं राजभवन में बने गोल्फ कोर्स के बारे में कुछ।




राजभवन का निर्माण 1900 में हुआ और इसमें बने गोल्फ कोर्स का निर्माण सन् 1926 में हुआ। इसे यूनाइटेड प्रोविसेंस के गर्वनर जनरल मैलकम हैली ने बनवाया था। यह गोल्फ कोर्स 50 एकड़ भूमि में फैला है और इसका सम्पूर्ण डिजाइन व निर्माण ब्रिटिश फौज के इंजीनियरों द्वारा किया गया। यह गोल्फ कोर्स समुद्र सतह से 6475 फीट की ऊँचाई पर स्थित है।

इस कोर्स में 18 होल है तथा अलग-अलग तरह की 18 टी बनी हुई हैं। ब्रिटिश समय में गोल्फ ब्रिटिश ऑफिसर्स का पसंदीदा खेल हुआ करता था इसलिये इस मैदान में उस समय काफी चहल-पहल रहती थी। वर्ष 1927 में ब्रिटिश अधिकारी एच. एलीना ने इस मैदान गोल्फ मैदान में सबसे अधिक 24 अंक प्राप्त किये।

भारत के आजाद होने से पहले यह गोल्फ मैदान हफ्ते में सिर्फ मंगल, बृहस्पति और इतवार को ही खुलता था। सन् 1980 तक यह मैदान आम लोगों के लिये बंद रहता था पर वर्ष 1994 में उस समय के राज्यपाल मोती लाल बोरा ने इसे सभी लागों के लिये खुलवा दिया। उसी समय से यहां प्रतियोगितायें भी शुरू होने लगी। गर्वनर्स गोल्फ कप प्रतियोगिता यहां होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता है।