Monday, March 30, 2009

कुमाऊँ के महान कवि रहे हैं गुमानी

गुमानी को कुमाउंनी का प्रथम कवि माना जाता है। इनका जन्म सन् 1790 में काशीपुर में हुआ था। पर इनका निवास स्थान अल्मोड़ा का उपराड़ा गांव रहा। इनके पिता का नाम पंडित देवनिधि पंत और मां का नाम देवमंजरी था। कवि गुमानी का असली नाम लोकरत्न पंत था पर पिता ने इनके पिता इन्हें गुमानी नाम से ही संबोधित करते थे और भविष्य में यह इसी नाम से मशहूर हुए। इनका बचपन इनके दादाजी पुरूषोत्तम पंत के साथ उपराड़ा में और काशीपुर में बीता। इनकी शिक्षा महान विद्वानों जैसे - पंडित राधाकृष्ण वैद्यराज, परमहंस परिव्राजकाचार्य और पंडित हरिदत्त ज्योतिर्विद के संरक्षण में हुई। 24 वर्ष की आयु तक इन्होंने अपने गुरूजनों के संरक्षण में शिक्षा प्राप्त की। विवाह के उपरान्त गुमानी ने 12 वर्षों तक देशाटन किया। और कुछ वर्षों तक तपस्या भी की पर माता के अनुरोध करने पर ये अपने गृहस्थ जीवन में वापस आ गये। यहीं से इन्होंने कवितायें लिखने की शुरूआत की।

गुमानी संस्कृत के महापंडित थे। इसके अलावा कुमाउंनी, नेपाली, हिन्दी और उर्दू में भी इनका अच्छा अधिकार था। कुछ लोगों का मानना है कि इन्हें फारसी, अंग्रेजी और ब्रजभाषा का भी अच्छा ज्ञान था।

कहा जाता है कि गुमानी काशीपुर नरेश श्री गुमान सिंह देव के दरबार में भी जाया करते थे और वहां शास्त्रार्थ में बड़े-बड़े पंडितों को भी हरा देते थे। गुमानी टिहरी के महाराज श्री सुदर्शन शाह के राजदरबार में मुख्य सचिव के रूप में भी रहे। सन् 1846 में गुमानी जी का देहान्त हो गया।

गुमानी ने हिन्दी, संस्कृत, कुमाउंनी, उर्दू और नेपाली भाषा में बेहतरीन रचनायें लिखी। इन्हें जो भी दोहा, कविता, शेर, चौपाई याद आती उसे उसी समय कहीं पर लिख देते थे। इनकी प्रमुख रचनायें हैं - राम नाम पंचपंचाशिका, राम महिमा वर्णन, गंगा शतक, जग्गनाथाष्टक, कृष्णाष्टक, राम सहस्त्र गणदंडक, चित्र पद्यावली, राम महिमन्, रामाष्टक, कालिकाष्टक, राम विषयक भक्ति विज्ञप्तिसार, तत्वविद्योतिनी पंचपंचाशिका, नीतिशतक शतोपदेश, राम विषय विज्ञप्तिसार, ज्ञान भैषज्य मजरो। इसके अलावा इनके द्वारा तीन निर्णय ग्रंथ - तिथि निर्णय, आचार निर्णय और अशौच निर्णय की भी रचना की गई।

गुमानी ने अपनी कविताओं में उस समय की सामाजिक परिस्थितियों का भी वर्णन किया है। जब अंग्रेजों से पहले कुमाऊँ में गौरखा राज था उस समय गुमानी ने उनके द्वारा किये अत्याचारों को अपनी रचनाओं में कुछ इस तरह उकेरा -
दिन-दिन खजाना का भार का बोकिया ले,
शिव शिव चुलि में का बाल नैं एक कैका।
तदपि मुलुक तेरो छोड़ि नैं कोई भाजा,
इति वदति गुमानी धन्य गोरखालि राजा।

अर्थात - खजाना ढोते-ढोते प्रजा के सिर के बाल उड़ गये पर राज गोरखों का ही रहा। कोई भी उसका राज छोड़कर नहीं गया। अत: हे गोरखाली राजा तुम धन्य हो।

इसी तरह अंग्रेजी शासन के समय गुमानी ने लिखा है -
अपने घर से चला फिरंगी पहुँचा पहले कलकत्ते,
अजब टोप बन्नाती कुर्ती ना कपड़े ना कुछ लत्ते।
सारा हिन्दुस्तान किया सर बिना लड़ाई कर फत्ते,
कहत गुमानी कलयुग ने याँ सुबजा भेजा अलबत्ते।


कुरातियों के उपर भी गुमानी ने अपनी कलम कुछ इस तरह चलायी है और एक विधवा की दशा को इस तरह से व्यक्त किया -
हलिया हाथ पड़ो कठिन लै है गेछ दिन धोपरी,
बांयो बल्द मिलो छू एक दिन ले काजूँ में देंणा हुराणी।
माणों एक गुरुंश को खिचड़ी पेंचो नी मिलो,
मैं ढोला सू काल हरांणों काजूं के धन्दा करूँ।

अर्थात - बेचारी को मुश्किल से दोपहर के समय एक हलवाहा मिला और वो भी केवल बांयी ओर जोता जाने वाला बैल मिल पाया, दांया नहीं। खिचड़ी का एक माणा (माप का एक बर्तन) भी उसे कहीं से उधार नहीं मिल पाया। निराश होकर वह सोचती है कि कितनी बदनसीब हूं मैं कि मेरे लिये काल भी नहीं आता।

गुमानी ने अपनी रचनायें बिना किसी लाग लपेट की सीधी और सरल भाषा में की हैं। यही कारण है कि गुमानी की रचनायें कुमाऊँ में आज भी उतनी ही प्रसिद्ध हैं जितनी उनके समय में थी। कुमाउंनी के प्रथम तथा लोकप्रिय कवि के रूप में गुमानी आज भी प्रसिद्ध हैं और उनका नाम इस साहित्य सेवा के लिये सदैव लिया जाता रहेगा।

इस लेख को बनाने के लिये मुझे 1966 में प्रकाशित पुस्तक `कुमाउंनी के कवियों का विवेचनात्मक अध्ययन´ से मदद मिली है। इस पुस्तक के लेखक डॉ. नारायणदत्त पालीवाल जी हैं। यह पुस्तक मुझे अभी कुछ समय पहले अपने पिताजी के छोटे से पुस्तकालय से मिली थी।




Wednesday, March 25, 2009

जहां दरिया बहता है

आज फिर अपनी डायरी के पन्नों में दर्ज एक कविता मिली जो वियतनामी कवि वो कू ने लिखी है। वो कू को वियतनाम में युद्ध का विरोध करने के कारण लम्बे समय तक कारवास में रहना पड़ा जहां इन्होंने अनगिनत यातनायें झेली। वो कू के शहर क्वांग त्री सिटी को कई बार युद्ध झेलना पड़ा।
अपने इसी शहर के लिये वो कू ने यह कविता लिखी।


एक बहुत दूर की दोपहर

जब दरिया अपने किनारे लांघ गया था,

उस स्मृति के साथ पहुंचा

मैं अपने शहर, जो तुम्हारा और मेरा शहर था

चमकता है मेरे मन में वही स्विर्णम दिन

तुम्हारा गोल सफेद टोप, उस संकरी गली में

दोपहर की रोशनी में चमक रहा था

तुम्हारी जामुनी फ्राक, हवा में उड़ते लम्बे बाल

और चर्च की लगातार आवाजें लगाती, हज़ारों बार

बजती घंटिया याद आयी मुझे।

वह शहर जो पूरा बरबाद हो गया था युद्ध में

उस शहर की हर गली एक दर्द की तरह

उभरती है मेरे ज़हन में।

मेरा कोई हिस्सा हर गिरती हुई पंखरी के साथ

गिरता है धरती पर

उन चमकदार फूलों का आर पार

दर्द की तरह लहराता हुआ गिरता है धरती पर।

लेकिन मेरे सपनों में वो शहर अछूता है,

बरबादी के पहले सा अछूता

जब गलियां जिन्दा थी, बलखाती लहरों की तरह

जब तुम्हारी सिम्त खिलने से पहिले गुलाब जैसी थी

जब तुम्हारी आंखें तारों की तरह सुलगती थी।

कैसी तेज याद आती है उन बहते पानियों की।

सर्दी की कमजोर रोशनी में कैसी दीखती थी तुम

जब लम्बी घास दरिया के दूसरे किनारे

पर झुका होता था।

हमारे पुराने शहर से अब भी भरा है हमारा होना

मेरे बाल पक गये हैं उस नदी किनारे घास की तरह

या तुम्हारे इतने पुराने प्यार की तरह।

Wednesday, March 18, 2009

नैनीताल के बारे में

नैनीताल का वर्णन स्कंद पुराण के महेश्वर खंड में त्रिऋषि यानी तीन ऋषि - अत्रि, पुलस्त्य और पुलह के सरोवर के रूप में आता है। मान्यता है कि ये संत यात्रा करते-करते जब गागर पहाड़ी श्रृंखला की उस चोटी पर पहुंचे जिसे अब चाइना पीक के नाम से जाना जाता है, तो उन्हें प्यास लग गयी। उस स्थान में पानी नहीं था और तीनों ऋषि प्यास से बेहाल थे। तब उन्होंने मानसरोवर का ध्यान किया और जमीन में बड़ा से छेद कर दिया। वह छेद मानस जल से भर गया। इस प्रकार उनके द्वारा सृजित इस झील का नाम त्रिऋषि सरोवर पड़ा। यह भी मान्यता है कि इस सरोवर में स्नान करने से वही फल प्राप्त होता है जो मानसरोवर में स्नान करने से मिलता है। बाद में इस झील का नाम नैनी झील उस देवी के नाम में पड़ा जिसका मंदिर इस झील के किनारे स्थित है। 1880 के भूस्खलन में यह मंदिर नष्ट हो गया। जिसे फिर दोबारा उस स्थान पर बनाया गया जहां यह इस समय स्थित है।

इस स्थान के बारे में एक अन्य मान्यता के अनुसार नैनीताल को 64 शक्तिपीठों में से एक शक्तिपीठ भी माना जाता है क्योंकि जब भगवान शिव सती के मृत शरीर को लेकर तांडव कर रहे थे उस समय सती की बांयी आंख (नैयन) इस स्थान पर गिरी थी। इसलिये कहा जाता है कि इस झील का आकार आंख के जैसा है।

इस झील के बारे में सर्वप्रथम 1841 के अंत में कलकत्ता से प्रकाशित होने वाले अखबार `इंग्लिशमैन´ में छपा था। जिसमें यह लिखा गया था कि - `अल्मोड़ा क्षेत्र में झील की खोज´ इसके बाद बैरन ने `पिलिग्रम´ नाम से `आगरा अखबार´ में इस झील का विवरण दिया गया था। बैरन ने आगे लिखा था कि - वह नैनीताल जाते समय खैरना से होकर गया और लौटा रामनगर के रास्ते से। उसने यह भी लिखा था कि - पहले स्थानीय लोग उसे झील दिखाने से लगातार इंकार करते रहे क्योंकि इस झील का उनके लिये बेहद धार्मिक महत्व था और उन्होंने साफ तौर पर कह दिया कि यहां कोई झील नहीं है। पर बाद में बड़ी मुश्किल से स्थानीय लोग मान गये।

वर्ष 1842 में बैरन यहां फिर वापस आया। इस समय तक करीब आधा दर्जन अर्जियां भवन निर्माण के लिये अधिकारी के पास पहुंची और उस समय के कमिश्नर लुशिंग्टन ने एक छोटा सा भवन बनाने की शुरूआत की। 1842 से पहले इस स्थान में एक झोपड़ी भी नहीं थी। सिर्फ नैयना देवी की पूजा के लिये वर्ष में एक बार आस-पास गांव के लोग यहां इकट्ठा होते थे और एक छोटे से मेले का आयोजन भी होता था। जिसे आज भी नंदादेवी मेला के रूप में मनाया जाता है।

मिस्टर लुशिंग्टन ने ही यहां बाजार, सार्वजनिक भवन और एक सेंट जोन्स गिरजाघर का निर्माण करवाया। मिस्टर बैरन ने इस झील में पहली बार नौका को डाला और झील में नौकायान की शुरूआत की।

Tuesday, March 10, 2009

जो नर जीवें खेलें फाग

वैसे तो कुमाऊँ में होलियों की शुरूआत वसंत पंचमी से ही हो जाती है पर अब लोगों के पास न तो इतना समय है और न ही उतना उत्साह है इसलिये रंग पड़ने वाले दिन से ही होली गाना शुरू किया जाता है। मेरे गांव में होली कुछ इस अंदाज में मनायी जाती है। जिस दिन रंग पड़ता है उस दिन सभी लोग पहले देवी के मंदिर में फिर शिव के मंदिर में एक साथ इकट्ठा होकर होलियों की शुरूआत करते हैं। सबसे पहले भगवान को रंग डाला जाता है उसके बाद लोग आपस में एक दूसरे को रंग डालते हैं। इसी दिन पदम की डाल में चीर भी बांधी जाती है जिसे पूरे गांव में घुमाया जाता है। इसके बाद होलियां गाई जाती हैं तथा पारम्परिक नृत्य भी किये जाते हैं। होलियों की शुरूआत गणेश की होली सिद्धि को दाता विघ्न विनाशन, होली खेलें गिरिजापति नन्दन से होती है और फिर तरह-तरह की होलियां गायी जाती हैं जिनमें कुछ प्रचलित होलियां होती हैं तो कुछ होलियां लोग स्वयं ही अपने परिवेश के आधार पे बना लेते हैं। मंदिर में होलियां गाते हुए लोगों की टोलियां गांवों में घुमने के लिये निकल जाती है और गांव के प्रत्येक घर में जाकर होली गाते हैं और उनके परिवार को आशीष भी देते हैं जिसका अपना एक अलग ही अंदाज होता है जो कुछ इस तरह है -
हो हो होलक रे।
बरस दिवाली बरसे फाग
जो नर जीवें खेलें फाग
हमरा (घर वालों का नाम) जी रौं लाख सो बरीस

इस तरह उनके पूरे परिवार वालों के नाम लिये जाते हैं और उनके परिवार के लिये खूब ढेर सारी आशीष दी जाती है जिसमें हल्का-फुल्का मजाक भी चलता है पर इसे कोई भी लोग बुरा नहीं मानते हैं। परिवार वाले इन होल्यारों को अपनी हैसियत के अनुसार गुड़, चावल रुपये तथा दूसरे सामान देते हैं जिन्हें होल्यार इकट्ठा कर लेते हैं और अंतिम दिन होने वाले भंडारे के लिये इस्तेमाल करते हैं।

गांव में ज्यादातर होलियां शाम के समय में ही होती हैं क्योंकि दिन में सब अपने खेती के कामों में व्यस्त रहते हैं। होलियों के लिये पुरूषों की मंडली अलग होती है और महिलाओं की मंडली अलग होती है और बच्चे भी अपने एक अलग ही मंडली बना लेते हैं। गांव में घुमने का काम ज्यादातर पुरुषों और बच्चों का होता है जबकि महिलायें घरेलू होलियां करती हैं। जिसमें गांव की सारी महिलायें एकत्र होकर रोज किसी न किसी घर जा के घरों में बैठ के हालियां गाती हैं। महिला होली ज्यादातर ऋतु और श्रृंगार रस में डुबी होती हैं जो कुछ इस प्रकार होती हैं - ननदी के बिरन होली खेलो रसिया, जब से पिया परदेश गये हें/सूनी पड़ी है यह बिंदिया और सूनी पड़ी है यह नथनी/ननदी के बिरन.....। या होली खेलो फागुन ऋतु आयी रही/राधे नन्द कुंवर समझाय रही... अब के होली में घर से निकसे कान्हा के चरण दबाय रही ये तो कृष्ण के चरण दबाय रही या फिर जिस होली आई रे आई रे होली आई रे/फागुन मास बसंत ऋतु आई रे/माह बड़ो सुखदाई रे, मन में उमंग भर लाई रे होली/कागा बोले मोर भी नाचे, कोयल कूक सुहाय रही.....। जिस परिवार में होली होती है वो खाने की व्यवस्था भी करते हैं जिसमें प्रमुख होते हैं गुजिया और आलू। इनके अलावा दूसरे तरह के पकवान भी खाने के लिये परोसे जाते हैं। महिला होली पुरुषों की होलियों से अलग होती हैं। इन होलियों में पुरुष नहीं जाते हैं।

होली में स्वांग भी किया जाता है। इसमें लोग किसी और का भेष बना कर एक दूसरे का मजाक करते हैं। कभी कभी स्वांग में गांव के लोग नेताओं या अभिनेताओं का वेश बनाकर भी मजाक करते हैं पर ये स्वांग सिर्फ कुछ देर के हंसी मजाक का हिस्सा होते हैं किसी को भावनात्मक चोट पहुंचाने के लिये स्वांग नहीं किये जाते।

होलिका दहन वाले दिन सब लोग एक साथ इकट्ठा होते हैं और होलिका दहन करते हैं। उसी दिन चीर को भी जलाया जाता है फिर उसी स्थान पे होलियां गायी जाती हैं। ये दौर पूरी रात चलता रहता है। होलिका दहन के दूसरे दिन होली जिसे छरड़ी कहते हैं मनायी जाती है। इस दिन लोग एक दूसरे के उपर रंग और पानी फेंक के होली खेलते हैं। नई दुल्हनों का तो बुरा हाल रहता है। छरड़ी करने के बाद सभी लोग नहा धोकर मंदिर में जाते हैं। वहां पे भंडारा किया जाता है और मंदिर में होली गा के होलियों का समापन कर दिया जाता है।

बहुत जगह होलियों में ठंडाई पीने का भी चलन हैं पर महिलायें और बच्चे इन चीजों से दूर रहते हैं। अब ठंडाई की जगह शराब पीकर भी लोग मस्त हो लेते हैं।

अन्त में होली की ढेर सारी शुभकमानाओं के साथ मैं अपनी पसंद की एक प्रसिद्ध होली यहां पर दे रही हूं जो कुमाउं की एक प्रचलित होली है जिसे आशीष के तौर पर गाया जाता है -

हो मुबारक मंजरि फूलों भरी
ऐसी होरी खेलें जनाब अली

बारादरी में रंग बनो है,
हसन बाग मची होरी।
ऐसी होरी खेलें जनाब अली।।

जुग जुग जीवें मित्र हमारे
बरस-बरस खेलें होरी।
ऐसी होरी खेलें जनाब अली।।

Thursday, March 5, 2009

मेरा ब्लॉग हिन्दुस्तान में

कल सुबह सुबह दिल्ली से मेरे मित्र का फोन आया और उसने कहा - तुझे पता है आज के हिन्दुस्तान में तेरे ब्लॉग के बारे में आया है और तेरे ब्लॉग की अच्छी समीक्षा की है रवीश जी ने। उसकी बात सुन के मुझे बेहद खुशी हुई। अभी मैं कुछ और करती ही कि एक मित्र का और भी फोन आ गया और सीधे बोले - और भई विनीता जी ! आज के हिन्दुस्तान में तो नैनीताल ही छाया हुआ है। आपका ब्लॉग भी हिन्दुस्तान में आ गया। अभी तक तो मैं पेपर भी नहीं देख पाई थी इसलिये मेरी उत्सुकता बढ़ गयी थी। ऑफिस जाते समय मैंने बाजार से पेपर लिया और ऑफिस मैं जा के पढ़ा तो वाकय में पढ़ के अच्छा लगा। उससे भी ज्यादा खुशी तब हुई जब मेरे साथ वालों ने और सर ने मेरी और मेरे ब्लॉग की तारीफ की।

इस तारीफ का बहुत बड़ा हिस्सा उन सब लोगों का भी है जो मेरे ब्लॉग को पढ़ते हैं, मुझे टिप्पणी करके मेरा हौंसला बढ़ाते हैं और नये-नये सुझाव भी देते हैं जिस कारण मैं ब्लॉग को बेहतर बनाने की कोशिश कर पाती हूं।